Welcome to the world of gazalkar administrator  Dr.Vinod Prakash Gupta 'shalabh'
ग़ज़लकार प्रशासक डॉ. विनोद प्रकाश गुप्ता 'शलभ' की दुनिया में आपका स्वागत है 

Generic selectors
Exact matches only
Search in title
Search in content
Post Type Selectors

परिचय

डॉ विनोद प्रकाश गुप्ता ‘शलभ’ (आई ए एस सेवा निवृत्त) ,
पूर्व प्रधानसचिव एवं वित्तायुक्त हिमाचल प्रदेश सरकार ।
जन्म 17 अप्रैल 1949 , नाहन, ज़िला सिरमौर, (हि:प्र)
पिता- (स्व) नवल किशोर गुप्ता
माता- (स्व) लाजवंती गुप्ता
पत्नि- शशिकिरण , पुत्री- स्मृति किरण , बेटा- विवेक प्रकाश गुप्ता , बहू- शाइना गुप्ता ,दो पोतियाँ, मान्या गुप्ता एवं शिवन्या गुप्ता ।
शिक्षा :- बी ए आनर्ज़ अर्थशास्त्र , एम ए अर्थशास्त्र , पी एचडी अर्थशास्त्र , एल एल बी ( प्रोफेशनल), डिप्लोमा जर्नलिज़्म , एम फ़िल गांधीयन फिलॉसफी ( गोल्ड मैडलिस्ट) , एम ए हयूमन राइटस ( गोल्ड मेडलिस्ट) , इन सर्विसडिप्लोमा यूनिवर्सिटी ऑफ़ ससैक्स लंदन यू के : आई आई एम कोलकाता ।
सम्प्रति :-
नवल प्रयास शिमला, साहित्यिक संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष :
एडवोकेट दिल्ली / शिमला हाई कोर्ट्स प्रशासनिक प्राधिकरण :
डी ए वी संस्था दिल्ली की मैनेजिंग कमेटी के निर्वाचित सदस्य :
इन्स्टिटूट ऑफ़ ह्यूमन राइट्स दिल्ली में विज़िटिंग प्रोफ़ेसर : कई डीएवी स्कूलों की स्थानीय मैनेजिंग कमेटी के चेयरमैन – काँगूँ , मण्डी , मुज़फ़्फ़रनगर, अमेठी , बनारस , ऊँचाहार आदि
ग़ज़ल संग्रह- प्रकाशित
1:- “आओ नई सहर का नया शम्स रोक लें” , 2:- “ बूँद बूँद ग़ज़ल “ 3:- “ पत्ते चिनारों के “ 4:- “त्रिशूल”
काव्य संग्रह 1”चारों दिशाएँ “ 2 “ उतरार्द्ध “ अनुवाद काव्य संग्रह ।
प्रकाश्य ग़ज़ल संग्रह – 1:-“शिलालेख” 3:-“लाक्षागृह”
सम्मान:
1:- नारायणी साहित्य अकादमी नई दिल्ली । 2:- गायत्री शिरोमणि सम्मान । 3:- सोपान साहित्यिक सम्मान । 4:- अनुबंध साहित्य भूषण सम्मान ( 2021) 5:- रचनाकार संस्था कोलकाता 6:- कई दूसरी संस्थाओं द्वारा सम्मानित । 7:- भारतीय भाषा परिषद कोलकाता द्वारा सम्मानित । 8:- नीलाम्बर कोलकाता द्वारा सम्मानित 9:- ट्रू मीडिया संस्था द्वारा सम्मानित । 10:- के बी एस प्रकाशन द्वारा सम्मानित । 11:- युवा उत्कर्ष साहित्यिक मंच दिल्ली द्वारा सम्मानित । 12:- जनवादी लेखक संघ मुम्बई । 13:- सुर संगम संस्था मुम्बई द्वारा सम्मानित । 14:- ग़ज़ल कुम्भ आयोजन में सम्मानित । 15:- अन्य बहुत सी साहित्यिक संस्थाओं द्वारा समय-समय पर सम्मानित- कई लाइफ़ टाइम एचीवमेंट अवार्ड व अनेकानेक समारोहों में मुख्य अतिथि या अध्यक्षता करते हुए सम्मानित किया गया ।
यात्राएँ :- सरकारी / ग़ैर सरकारी
अमेरिका -शिकागो, साँफ्रांसिसको, लॉस ऐंजल्ज , लॉस वेगास , वाशिंगटन डी सी , न्यू जैर्सी , सन्होज़े , केनेडा , यूके , लंडन , पेरिस , लगज्मबर्ग , इटली , स्विट्ज़रलैंड , नीदरलैंड, बेलजियम , आस्ट्रिया इन्ज़बर्ग , जर्मनी मयूनिख , हाइडलबर्ग , मलेशिया , सिंगापुर , साऊथ न्यूज़ीलैंड , आस्ट्रेलिया सिडनी-गोल्ड कोस्ट-, श्रीलंका आदि आदि
पता – स्थाई व सम्पर्क
डॉ. विनोद प्रकाश गुप्ता ‘शलभ’
आइवरी -065, 4 चौथी मंज़िल , इमार इमराल्ड हिल्स , अपोज़िट प्रज्ञानम स्कूल , सेक्टर – 65 , गुरुग्राम- 122101 : हरियाणा
मोबाइल – 9811169069 – वाहटअैप भी इसी पर
ई मेल – vinjisha55@yahoo.co.in

GAZAL 1

ग़ज़ल 1:-

 
बहुत दिलकश, बड़े दिलदार हैं, पत्ते चिनारों के

 
1222-1222-1222-1222
 
बहुत दिलकश, बड़े दिलदार हैं, पत्ते चिनारों के ,

किसी के इश्क़ में सरशार 1 हैं पत्ते चिनारों के ।

 
कई रंगों में खिलकर ये बहारों में चमकते हैं ,

न केवल पैरहन,दस्तार2 हैं पत्ते चिनारों के ।

 
कभी सर्दी के मौसम में ठिठुरते हाथ मलते हैं ,

कभी जलते हुए रुख़सार हैं, पत्ते चिनारों के ।

 
मुहब्बत में थके युगलों को देते छाँव प्यारी-सी ,

जले दिल वालों को फटकार हैं, पत्ते चिनारों के ।

 
वनों, नदियों, पहाड़ों, वादियों, झरनों की संगत में,

धरा का जादुई शृंगार हैं, पत्ते चिनारों के ।

 
कभी सावन की रातों में बिखरती चाँदनी छन-छन,

सदा गाते मधुर मल्हार हैं, पत्ते चिनारों के ।

 
तटों पर झील के जब नृत्य-रत लहरों के सँग झूमें,

तो फिर अभिसार-रत मनुहार हैं, पत्ते चिनारों के ।

 
दहकती गर्मियों में  है जो रक्तिम  कहकशाँ सारी ,

ख़ुदा के नूर का अवतार हैं, पत्ते चिनारों के ।

 
कहाँ फिर आप पायेंगे ‘शलभ’, मयख़्वार इन जैसा,

बहुत अद्भुत बड़े फ़नकार हैं, पत्ते चिनारों के ।

 
1. लबालब भरे हुए, उन्मत्त: 2. पगड़ी

GAZAL2

ग़ज़ल 2:-

 
वो कब तक इश्क़ की नाकाम हिजरत देखती रहती

 
1222-1222-1222-1222
 
वो कब तक इश्क़ की नाकाम हिजरत 1 देखती रहती,
मुहब्बत किसलिए अपनी नदामत 2 देखती रहती ।
 
हुकूमत जब ज़रा-सी बात पर लेने लगी बदले ,
तो क्यूँ जनता भी यह कड़वी हक़ीक़त देखती रहती ।
 
फिर उसने  रास्ता आख़िर चुना दो हाथ करने का ,
ग़रीबी कब तलक उनकी ये वहशत 4 देखती रहती ।
 
अदीबों के भी अंतर्मन में थी प्रतिशोध की ज्वाला,
वो क्यूँ मजबूर-मुफ़लिस की ये ज़िल्लत 5 देखती रहती ।
 
उसे पत्थर दिलों के बीच ‘क्यों-कर’ टूट जाना था ,
तो उल्फ़त किसलिए अपनी मलामत6 देखती रहती ।
 
सियासी ग़लतियों की तो सज़ा सदियाँ भुगतती हैं ,
वतन की ऐसी-तैसी क्या विरासत7 देखती रहती ।
 
निगहबानी में जिसकी सौ तरह फूलों को खिलना था ,
‘फ़िज़ा’ क्या ‘बाग़वाँ’ की यह  सियासत देखती रहती ।
 
बड़े विध्वंस की दस्तक सुना दी पूरी दुनिया को ,
धरा कब तक ‘शलभ’ अपनी अज़ीयत 8 देखती रहती ।
 
1 पलायन: 2 शर्मिंदगी : 3 सच्चाई: 4 पागलपन : 5 अपमान

6 निंदा: 7 पीढ़ियाँ: 8 दु ख/दर्द / पीड़ा / यातनाएँ

GAZAL 3

ग़ज़ल 3:-

 
 
एक ही करवट न रह करवट बदल कर देख ले

2122-2122-2122-212
 
एक ही करवट न रह करवट बदल कर देख ले ,

अब ग़मों की चादरों से तू निकल कर देख ले ।

 
देख ले हर सू खिले हैं प्यार के मंज़र अनेक ,

लम्हा-लम्हा ज़िंदगी से भी  बहल कर देख ले ।

 
नफ़रतें बाँटेगा तो फिर नफ़रतें हाथ आएँगी, 

उनके दिल से अपने दिल को ही बदल कर देख ले ।

 
जिस तरह अपनी  ‘अना’ के ताप  को ढोता है तू ,

यूँ अगर मर्ज़ी है तेरी यूँ भी जल कर देख ले ।

 
यह धरा, आकाश, पर्वत, यह समुन्दर फिर कहाँ,

थाम  ले जीवन की ऊँगली औ’ मचल कर देख ले ।

 
वो जो तेरा हमसफ़र है, वो ही सच संसार का ,

वो ख़ुदा है उसके ही  पैकर में ढल कर देख ले ।

 
रंजिशें , शिकवे, गिले, काँटे हैं देंगे ही चुभन,

फूल बन जा ऐ ‘शलभ’ ! ख़ुशबू में ढल कर देख ले ।